15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में 432 खिलाड़ी व सदस्य होंगे शामिल, 19 अक्टूबर से रांची पहुंचने लगेंगी टीमें
रांची: झारखंड पुलिस की मेजबानी में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक रांची के खेलगांव परिसर, होटवार में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा बलों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में झारखंड सहित कुल 28 टीमों के 432 खिलाड़ियों और अन्य सदस्यों के शामिल होने का कार्यक्रम तैयार किया गया है।
19 अक्टूबर से रांची पहुंचेंगी टीमें
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों का रांची पहुंचना 19 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा। झारखंड पुलिस ने टीमों के आगमन को लेकर विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है। इसके अनुसार, 19 से 21 अक्टूबर तक टीमें रांची, हटिया और बरकाकाना रेलवे स्टेशनों पर पहुंचेंगी। कुछ टीमें बस से भी आएंगी।
टीमों के आगमन के लिहाज से 20 अक्टूबर सबसे व्यस्त दिन रहेगा। इस दिन 13 टीमों के पहुंचने का कार्यक्रम है। इनमें 10 टीमें रांची रेलवे स्टेशन, एक टीम हटिया रेलवे स्टेशन और दो टीमें बस से पहुंचेंगी। वहीं, 19 अक्टूबर को सात और 21 अक्टूबर को पांच टीमों के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। बिहार और नागालैंड की टीमों के टिकट अभी कन्फर्म नहीं हुए हैं। इनके आगमन का अंतिम कार्यक्रम मिलने के बाद समय-सारिणी में बदलाव हो सकता है।
20 अक्टूबर को इन टीमों के पहुंचने का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर को मणिपुर की टीम सुबह 3:50 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। छत्तीसगढ़ की टीम सुबह 4:45 बजे और जम्मू-कश्मीर की टीम सुबह 8 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 9:05 बजे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और उत्तर प्रदेश की टीमों के आने का कार्यक्रम है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम सुबह 9:10 बजे पहुंचेगी।
पश्चिम बंगाल की टीम दोपहर 1:15 बजे, उत्तराखंड की टीम दोपहर 3:30 बजे और राजस्थान की टीम दोपहर 3:40 बजे रांची पहुंचेगी। असम पुलिस की टीम के रात 10:55 बजे पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।
महाराष्ट्र की टीम 20 अक्टूबर को सुबह 4:45 बजे हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीमें बस से आएंगी। सीआरपीएफ की टीम के लिए सुबह 10:50 बजे का समय तय किया गया है।
राज्यों की पुलिस और केंद्रीय बलों की टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, जम्मू-कश्मीर और बिहार की पुलिस टीमें हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और असम राइफल्स सहित केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
आयोजन के लिए समिति गठित
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए झारखंड पुलिस ने आयोजन समिति का गठन किया है। पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को समिति का संरक्षक बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक को अध्यक्ष, पुलिस महानिरीक्षक असीम विक्रांत मिंज को उपाध्यक्ष और पुलिस महानिरीक्षक अजय लिंडा को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजन समिति में पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश और पुलिस अधिकारी प्रशांत सिंह को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, रेल, वायरलेस, विशेष शाखा, अभियान, सीआईडी, झारखंड जगुआर, गृह रक्षा वाहिनी और अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों को समिति का सदस्य बनाया गया है।



