Nitin Nabin in Ranchi: नितिन नवीन बोले- बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाजपा की असली ताकत, वही संगठन के मालिक

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को रांची में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण पर खड़ा है। यही कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारों,

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को रांची में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण पर खड़ा है। यही कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचारों, संदेशों और केंद्र सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नितिन नवीन कांके विधानसभा क्षेत्र के सुकुरहुटू स्थित बिरसा मंडप अखाड़ा परिसर में बूथ संख्या-249 पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का सामूहिक श्रवण करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

बूथ अध्यक्ष को अपने पास बुलाकर दिया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के महत्व को रेखांकित करने के लिए एक विशेष पहल की। उन्होंने पीछे खड़े बूथ अध्यक्ष आकाश कुमार और मंडल अध्यक्ष प्रभात कुमार को अपने पास बुलाया और दोनों को अपने बगल में खड़ा किया।

इस दौरान उन्होंने बूथ अध्यक्ष को संगठन का ‘मालिक’ बताते हुए कहा कि बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही पार्टी की नींव हैं। उनके परिश्रम से भाजपा की नीतियां और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आम लोगों तक पहुंचती हैं।

बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, लगाया रुद्राक्ष का पौधा

‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिलाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद भी किया।

लखपति दीदी योजना का किया उल्लेख

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लखपति दीदी योजना का उल्लेख करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार मिशन मोड में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। अब अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ाना है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बेटियों की शिक्षा पर दिया जोर

नितिन नवीन ने बच्चों की शिक्षा और विशेष रूप से बेटियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से प्रधानमंत्री के विचारों तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में नितिन नवीन ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए ‘प्रणाम’ और ‘जोहार’ कहा।

भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, पूर्व विधायक समरी लाल, भाजपा नेता अमित कुमार, रांची पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.