Ranchi News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर मलखंब खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रांची में राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड मलखंब अकादमी में करीब 60 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दीपक बंका ने खिलाड़ियों के लिए 5 क्रैश मैट और एक बड़ा मलखंब मैट उपलब्ध कराया… रांची, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बंगीय सांस्कृतिक

रांची में राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड मलखंब अकादमी में करीब 60 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दीपक बंका ने खिलाड़ियों के लिए 5 क्रैश मैट और एक बड़ा मलखंब मैट उपलब्ध कराया…

रांची, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय (बंगला स्कूल) परिसर स्थित झारखंड मलखंब अकादमी में विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के करीब 60 बालक-बालिका मलखंब खिलाड़ियों ने पोल, रोप और हैंगिंग मलखंब में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका मौजूद रहे। वहीं रांची जिला मलखंब संघ के सचिव आशुतोष द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

पोल, रोप और हैंगिंग मलखंब में खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने पोल मलखंब, रोप मलखंब और हैंगिंग मलखंब पर विभिन्न कठिन अभ्यास और करतब प्रस्तुत किए। खिलाड़ियों ने कई जटिल पिरामिड भी बनाए, जिसे देखकर उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

आयोजकों के अनुसार, राज्य में मलखंब को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

झांसी की अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए तैयार झारखंड टीम

कार्यक्रम का आयोजन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और वर्ष 2036 के ओलंपिक में भारत के पदक अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। झारखंड की मलखंब टीम आगामी 27 से 29 सितंबर तक झांसी में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय मलखंब प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।

दीपक बंका ने खिलाड़ियों को दिए 6 मैट

समारोह के दौरान खिलाड़ियों के सुरक्षित और बेहतर अभ्यास के लिए दीपक बंका ने झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन को 5 लंबे क्रैश मैट और एक बड़ा, चौड़ा एवं मोटा मलखंब मैट उपलब्ध कराया।

नए मैट मिलने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दीपक बंका ने खिलाड़ियों को लगातार मेहनत करने और मलखंब खेल को राज्य में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में भी आवश्यक खेल किट और अन्य सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

रांची जिला मलखंब संघ के सचिव आशुतोष द्विवेदी ने खिलाड़ियों के लिए मैट उपलब्ध कराने पर दीपक बंका के प्रति आभार जताया।

ये खिलाड़ी रहे प्रमुख रूप से मौजूद

कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत झारखंड मलखंब अकादमी के निदेशक अजय झा ने किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में संजय कुमार, विवेक कुमार, शुभम सिंह, आर्यन लोहरा, आर्यन महतो, अनूप कुमारी, अनुसिखा कुमारी और जानवी कुमारी सहित बड़ी संख्या में मलखंब खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.