कोटा (राजस्थान): राजस्थान के कोटा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के एक ही परिवार के सदस्य थे।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र का एक परिवार राजस्थान में खाटू श्यामजी के दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद परिवार के सदस्य क्रूजर गाड़ी से वापस महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 9 की मौत, 6 घायल
कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, क्रूजर में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। दुर्घटना में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन गाड़ियां आगे निकल गई थीं, पीछे रह गई थी क्रूजर
हादसे में बचे एक व्यक्ति ने दुर्घटना की आपबीती सुनाई। उसके अनुसार, परिवार के लोग खाटू श्यामजी के दर्शन के बाद मध्य प्रदेश के धार की ओर जा रहे थे। उनके समूह में कुल पांच गाड़ियां थीं। सफर के दौरान तीन गाड़ियां आगे निकल गई थीं, जबकि दो गाड़ियां पीछे रह गई थीं। इसी बीच समूह में शामिल एक महिला का फोन आया और उसने दुर्घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही पीछे चल रहे लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे। वहां का मंजर बेहद भयावह था।
पुलिस कर रही है हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


