खेल निदेशक छवि रंजन ने रांची के आरके आनंद लॉन बॉल स्टेडियम का दौरा किया। खिलाड़ियों से संवाद किया और खेल सुविधाओं व स्टेडियम के विकास में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
रांची में लॉन बॉल खिलाड़ियों से मिले खेल निदेशक छवि रंजन, सुविधाओं को लेकर दिया बड़ा भरोसा
रांची। झारखंड के खेल निदेशक एवं आईएएस अधिकारी छवि रंजन ने नामकुम स्थित आरके आनंद लॉन बॉल स्टेडियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लॉन बॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके खेल अनुभव, अभ्यास और समस्याओं की जानकारी ली। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव निदेशक के साथ साझा किए।

खेल निदेशक ने खिलाड़ियों के साथ संवाद करने के अलावा खुद भी लॉन बॉल का मैच खेला और इस खेल के नियमों को समझने का प्रयास किया। खिलाड़ियों और संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
खिलाड़ियों और स्टेडियम को हर संभव मदद का भरोसा
दौरे के दौरान छवि रंजन ने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि खेल विभाग खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, “लॉन बॉल खिलाड़ियों और स्टेडियम के साथ हम खड़े हैं। खिलाड़ियों के हित में हर संभव मदद की जाएगी।”
उन्होंने खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, खेल सुविधाओं और स्टेडियम से जुड़े विभिन्न विषयों पर सहयोग का आश्वासन दिया। खिलाड़ियों ने भी स्टेडियम में अभ्यास और खेल से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया।
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी
झारखंड लॉन बॉल संघ की अध्यक्ष शीतल झा ने कहा कि राज्य के लॉन बॉल खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है।
उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों और उनके निरंतर प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में लॉन बॉल को आगे बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं मिलना महत्वपूर्ण है।
दिनभर मेहनत करते हैं खिलाड़ी
संघ के सचिव एवं भारतीय बोलिंग संघ के पूर्व कोच मधुकांत पाठक ने कहा कि लॉन बॉल खिलाड़ी नियमित रूप से स्टेडियम पहुंचकर कड़ी मेहनत करते हैं और अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभ्यास करते हैं।
उन्होंने बताया कि कई खिलाड़ी दूसरे जिलों के स्टेडियम में रहकर भी अभ्यास करते हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को देखते हुए बेहतर खेल सुविधाओं की आवश्यकता पर उन्होंने खेल निदेशक का ध्यान आकर्षित किया।
ये खिलाड़ी और खेलप्रेमी रहे मौजूद
खेल निदेशक छवि रंजन के स्वागत एवं कार्यक्रम के दौरान दिनेश महतो, रूपा रानी तिर्की, सुनील बहादुर, लवली चौबे, वसीम, प्रिंस, बसंती, अभिषेक, कृष्णा रेशमा, सौरव, सोनी, छोटी, माधवी और सूरज, करण सहित अन्य खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।



