BJP State Incharge List 2026 में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रभारी व सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई। स्मृति ईरानी, राम माधव और संजय भाटिया समेत कई नेताओं को नई जिम्मेदारी मिली।
नई दिल्ली, 23 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल में कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई सूची के अनुसार संजय भाटिया को राजस्थान और बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में इससे पहले डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल और मध्य प्रदेश में डॉ. महेंद्र सिंह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रभारी बनाया गया है। उन्हें कर्नाटक की भी जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल तथा सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब का प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में चार सह-प्रभारी
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा प्रभारी हैं, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
पांच राज्यों में दो-दो सह-प्रभारी
असम, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु में दो-दो सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में केवल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और सह-प्रभारी नहीं बनाया गया है। इनमें अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, लद्दाख, लक्षद्वीप, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा शामिल हैं।
अनिल एंटनी को नगालैंड का प्रभारी बनाया गया है और वह गोवा के सह-प्रभारी भी रहेंगे। भाजपा की यह नई संगठनात्मक सूची ऐसे समय जारी हुई है जब कई राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी की संगठनात्मक तैयारियां जारी हैं।



