झारखंड में 5 से 9 अक्टूबर तक वज्रपात का अलर्ट, तेज हवा के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, पाकुड़ सबसे गर्म और लातेहार सबसे ठंडा रांची, 03 अक्टूबर। झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में 5 से 9 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर गर्जन और वज्रपात

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट, पाकुड़ सबसे गर्म और लातेहार सबसे ठंडा

रांची, 03 अक्टूबर। झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में 5 से 9 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले दो दिनों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के कारण राज्य में बारिश नहीं हुई। आसमान साफ रहने की वजह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ा।

विभाग के मुताबिक, उत्तरी हवाओं का प्रवाह प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव में उत्तरी गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से होते हुए मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों तक बना हुआ है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

पाकुड़ सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे के दौरान पाकुड़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

रांची में गर्मी और उमस का असर

शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। इसके कारण दिन में गर्मी और उमस बढ़ गई। दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे।

रांची में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का तापमान

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए 5 से 9 अक्टूबर के दौरान लोगों को गरज-चमक के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.