रांची, 5 अक्टूबर। रांची जिले के 1 लाख 86 हजार 669 पेंशनधारियों के बैंक खातों में सितंबर महीने की पेंशन राशि भेज दी गई है। सर्वजन पेंशन योजना के तहत जिला प्रशासन ने लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1-1 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की है। सितंबर महीने में पेंशन भुगतान के मद में कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले में पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। सितंबर महीने में सर्वजन पेंशन योजना के तहत वृद्धावस्था, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित और ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन का लाभ मिला।
वृद्धावस्था पेंशन के सबसे ज्यादा लाभुक
सितंबर महीने में पेंशन प्राप्त करने वाले लाभुकों में सबसे अधिक संख्या मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभुकों की रही।
- मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना: 1,85,894 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना: 318 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना: 454 लाभुक
- मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (ट्रांसजेंडर): 3 लाभुक
सभी पात्र लाभुकों के बैंक खातों में निर्धारित 1,000 रुपये प्रति माह की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।
पेंशन नहीं मिली तो कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने ऐसे पेंशनधारियों से बैंक खाते में आधार सीडिंग कराने की अपील की है, जिनके खाते में सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं पहुंची है।
प्रशासन के अनुसार, डीबीटी के जरिए पेंशन राशि प्राप्त करने के लिए बैंक खाते का आधार से जुड़ा होना जरूरी है। जिन लाभुकों को भुगतान नहीं मिला है, वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं, ताकि भविष्य में पेंशन राशि के भुगतान में परेशानी न हो।
जिला प्रशासन ने पात्र लाभुकों से बैंक खाते और आधार से संबंधित जानकारी सही रखने की भी अपील की है, जिससे योजना का लाभ लगातार मिलता रहे।



