रांची, 6 अक्टूबर: 70वीं SGFI राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से मंगलवार को क्रिकेट की खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। सेठ सीताराम विजयवर्गीय उच्च विद्यालय, डोरंडा में आयोजित चयन प्रक्रिया में सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। मौके पर पूर्व मंत्री शकील अहमद और झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का लक्ष्य है कि शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ खेल के क्षेत्र में भी झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को अवसर के अभाव में दबने नहीं दिया जाएगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव मंच और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

750 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि चयन प्रक्रिया का उद्देश्य सरकारी और निजी विद्यालयों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है।
खुली चयन प्रक्रिया में अंडर-14 वर्ग में करीब 500 बालक खिलाड़ियों, अंडर-17 वर्ग में 230 बालिका खिलाड़ियों और अंडर-19 वर्ग में 25 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चयन प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 70वीं SGFI राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम के गठन के लिए चयनित किया जाएगा। इससे स्कूली स्तर पर क्रिकेट की प्रतिभाओं को राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।



