खेलो झारखंड 2026-27: कबड्डी में गढ़वा और रांची का दबदबा, खो-खो में रांची ने जीते दोनों खिताब

रांची, 7 अक्टूबर: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित खेलो झारखंड 2026-27 की अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। कबड्डी प्रतियोगिता खेलगांव स्थित हरिवंश टाना

रांची, 7 अक्टूबर: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित खेलो झारखंड 2026-27 की अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। कबड्डी प्रतियोगिता खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में, जबकि खो-खो के मुकाबले अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में खेले गए।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्पेशल ब्रांच मुख्यालय के डीआईजी नौशाद आलम रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने और झारखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कबड्डी में गढ़वा बालिका और रांची बालक वर्ग का चैंपियन

राज्य स्तरीय कबड्डी के बालिका वर्ग में गढ़वा ने खिताब अपने नाम किया, जबकि रांची उपविजेता और चतरा तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं, बालक वर्ग में रांची विजेता बना। हजारीबाग ने उपविजेता और चतरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

खो-खो में रांची का दबदबा

खो-खो के बालिका वर्ग में रांची ने पहला स्थान हासिल किया। हजारीबाग उपविजेता और रामगढ़ तीसरे स्थान पर रहा।

बालक वर्ग में भी रांची ने चैंपियनशिप जीती। कोडरमा को उपविजेता और देवघर को तीसरा स्थान मिला।

खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार

कबड्डी बालिका वर्ग में चांदनी कुमारी, आकांक्षा कुमारी और लक्ष्मी कुमारी को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ रेडर, कैचर और ऑलराउंडर चुना गया। बालक वर्ग में रोहित कुमार, राहुल मुंडा और अभ्यास कुमार को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ रेडर, कैचर और ऑलराउंडर का पुरस्कार मिला।

खो-खो बालिका वर्ग में कोमल कुमारी, पूर्वांशी कुमारी और रोशनी लकड़ा को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, चेजर और डिफेंडर का पुरस्कार प्रदान किया गया। बालक वर्ग में अमन कार्तिक राजोले, रोशन कुमार और नीलकंठ मंडल को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, चेजर और डिफेंडर चुना गया।

राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का लक्ष्य

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि खेलो झारखंड के मंच से सामने आई प्रतिभाओं को अब राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों के एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेलों में कबड्डी और खो-खो में पदक नहीं मिलना आत्ममंथन का विषय है। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को पिछली कमियों से सीख लेकर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करनी होगी।

समापन समारोह में सुशील कुमार हांसदा, बादल राज, विपिन कुमार सिंह, गोपाला ठाकुर और संतोष प्रसाद सहित खेल एवं शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों और खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.