रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री व झामुमो नेता शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात निधन हो गया। उन्होंने रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में रात करीब 8 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और करीब 20 दिनों से अस्पताल में इलाजरत थीं।
रूपी सोरेन को सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही थी। बुधवार को अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। उनकी हार्ट रेट भी अनियंत्रित हो गई थी और चिकित्सकों ने स्थिति को संभालने के लिए अस्थायी पेसमेकर लगाने की तैयारी की थी।
अस्पताल पहुंचे थे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मां की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को हिल व्यू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कल्पना सोरेन भी अस्पताल में मौजूद थीं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव समेत कई नेता भी रूपी सोरेन का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
सोरेन परिवार में शोक
रूपी सोरेन के निधन की खबर से सोरेन परिवार, झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। दुमका समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भी उनके निधन की खबर के बाद शोक का माहौल है।
रूपी सोरेन झारखंड आंदोलन और सोरेन परिवार की राजनीतिक यात्रा की महत्वपूर्ण पारिवारिक सदस्य रही थीं। वह दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं।
1999 में दुमका से लड़ा था लोकसभा चुनाव
रूपी सोरेन का राजनीतिक जुड़ाव भी रहा था। उन्होंने 1999 में दुमका लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। सोरेन परिवार के राजनीतिक सफर में उनकी भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रूपी सोरेन के निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की स्थिति है। परिवार की ओर से अंतिम संस्कार और अंतिम दर्शन से जुड़ी जानकारी अलग से साझा किए जाने की संभावना है।


