रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित आवास पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह से ही राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित आवास पर रखा गया है।
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे कई नेता
रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए जमशेदपुर के पूर्व सांसद कुणाल षाड़ंगी और दुमका सांसद नलिन सोरेन समेत कई नेता मोरहाबादी आवास पहुंचे। गोड्डा के झामुमो जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और करीबी लोग भी आवास पर मौजूद रहे।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन भी मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे और रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। यहां रूपी सोरेन की तस्वीर के साथ “विनम्र श्रद्धांजलि” और “अंतिम जोहार” लिखे पोस्टर लगाए गए हैं।
पैतृक गांव नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जाना है। इसके लिए परिवार और प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के पहुंचने की संभावना है।
सोरेन परिवार में शोक
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में गहरा शोक है। उनके निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। समर्थक और शुभचिंतक लगातार मोरहाबादी आवास पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
रूपी सोरेन झामुमो के संस्थापक और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहीं रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची के हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया था।


