रांची: डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर (सीसीएल), रांची में दीपावली के अवसर पर सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान दीया सज्जा, तोरण निर्माण और रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों ने सुकुरहुट्टू स्थित गौशाला का भ्रमण कर सेवा, करुणा और जीवदया का संदेश दिया।

दीया सज्जा, तोरण और रंगोली में दिखी रचनात्मकता

विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं में कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कक्षा-वार तथा वरिष्ठ वर्ग के लिए अंतर-सदनीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छोटे बच्चों ने मिट्टी के दीयों को रंगों, मोतियों और कुंदन से सजाकर अपनी कल्पनाशीलता दिखाई। वहीं, प्राकृतिक फूलों, आम्रपल्लव और पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों से आकर्षक तोरण बनाए।

वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने चारों सदनों के बीच आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगों के सुंदर संयोजन और आकर्षक डिजाइनों से विद्यालय परिसर को सजाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया। साथ ही पटाखा-मुक्त, स्वच्छ एवं हरित दीपावली मनाने के प्रति जागरूक किया।

निर्णायक मंडल ने रचनात्मकता, स्वच्छता, रंग-संयोजन और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
गौशाला भ्रमण कर बच्चों ने सीखा सेवा और करुणा का पाठ

दीपावली की खुशियों को सेवा और जीवदया से जोड़ने के उद्देश्य से प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों को सुकुरहुट्टू स्थित गौशाला का भ्रमण कराया गया। बच्चे अपने घरों से रोटियां, गुड़ और चोकर लेकर पहुंचे तथा गोवंश को अपने हाथों से भोजन कराया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को पशुओं के प्रति प्रेम, सहानुभूति और सेवा का महत्व समझाया गया। उन्होंने गौशाला के प्रबंधन, गो-संवर्धन और पर्यावरण संतुलन में गोवंश की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि त्योहारों की खुशियां समाज और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता से भी जुड़ी होती हैं।
संस्कार और मानवीय मूल्यों का विकास जरूरी : प्राचार्य

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की सार्थकता केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कारों और मानवीय मूल्यों के विकास में भी है।
उन्होंने कहा कि जब नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है और सभी जीवों के प्रति संवेदनशील बनती है, तभी समरस और विवेकशील समाज का निर्माण संभव है। दीपावली अज्ञान और स्वार्थ के अंधकार को मिटाकर प्रेम, सौहार्द और करुणा का प्रकाश फैलाने का पर्व है।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और सदनों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार ने लोगों से पर्यावरण-अनुकूल, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण दीपावली मनाने की अपील की।



