दीपावली पर बर्न वार्ड सक्रिय रखने और अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा
रांची, 7 नवंबर। रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने आगामी तीन से चार महीनों तक अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है। इस संबंध में उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सिविल सर्जन), रांची को पत्र लिखकर विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
मेयर ने दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए अस्पतालों के बर्न वार्ड को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। साथ ही जीवनरक्षक उपकरण, जरूरी दवाइयां और एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
छठ घाटों पर तैनात रहेंगी मेडिकल टीमें
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मेयर ने प्रमुख और अधिक भीड़ वाले छठ घाटों पर एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। आपातकालीन सेवाओं की निगरानी के लिए वरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय करने का निर्देश दिया गया है।
सर्दी को लेकर अस्पतालों में विशेष तैयारी
मेयर ने सर्दी के मौसम को देखते हुए अस्पतालों में चादर, कंबल, बेड और आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा है। विशेष रूप से सदर अस्पताल के सभी वार्डों का संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।



