साहिबगंज में टेंट हाउस संचालक की गोली मारकर हत्या, झारखंड पुलिस के दो जवान गिरफ्तार

सिर में सटाकर मारी गईं दो गोलियां, अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत; आपसी विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस कर रही पूछताछ साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज में रविवार देर रात टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना

सिर में सटाकर मारी गईं दो गोलियां, अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत; आपसी विवाद में वारदात की आशंका, पुलिस कर रही पूछताछ

साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज में रविवार देर रात टेंट हाउस संचालक मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के पूर्वी फाटक के पास रात करीब दो बजे हुई। हमलावरों ने मुन्ना साह के सिर में सटाकर दो गोलियां मारीं। गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में झारखंड पुलिस के दो जवानों को गिरफ्तार किया है। इनमें पवन साह का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि दूसरा आरोपी भी पुलिस बल में कार्यरत है और उनमें से एक बोकारो जिला बल में पदस्थापित है।

आपसी विवाद के बाद गोली मारने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुन्ना साह और आरोपी जवान पवन कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी विवाद के बाद गोली चलाई गई। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

सदर अस्पताल से हायर सेंटर किया गया था रेफर

गोली लगने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से मुन्ना साह को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. रेहान ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

रातभर छापेमारी के बाद दोनों जवान गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर और नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके बाद दोनों आरोपी जवानों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

टेंट हाउस चलाने के साथ हलवाई का भी करते थे काम

मृतक मुन्ना साह साहिबगंज शहर में टेंट हाउस का संचालन करते थे। इसके अलावा वे हलवाई का काम भी करते थे। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक परिचित और सक्रिय व्यक्ति के रूप में थी। उनकी हत्या की खबर फैलते ही सदर अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, विवाद की पृष्ठभूमि और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.