छठ महापर्व को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, एसएसपी राकेश रंजन ने प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण; सादे लिबास में तैनात रहेंगे जवान

बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, धुर्वा डैम और कांके डैम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची

बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, धुर्वा डैम और कांके डैम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शनिवार को एसएसपी राकेश रंजन ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ राजधानी के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, रोशनी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, धुर्वा डैम और कांके डैम समेत कई प्रमुख जलाशयों का दौरा किया। उन्होंने घाटों की स्थिति, पानी की गहराई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध इंतजामों की समीक्षा की।

गहरे पानी वाले घाटों पर होगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

एसएसपी राकेश रंजन ने संबंधित छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए। जिन घाटों और जलाशयों में पानी अधिक गहरा है, वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ लाल रिबन और चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे नहीं जाएं।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर गोताखोरों, नावों और एनडीआरएफ की टीमों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि घाटों पर सुरक्षा इंतजाम में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो।

सीसीटीवी और रोशनी की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था

छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए हाई मास्ट लाइट के साथ जनरेटर बैकअप सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए बनेगा रूट डायवर्जन प्लान

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसएसपी ने ट्रैफिक एसपी को प्रमुख घाटों के आसपास जाम से बचाव के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और घाटों से उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

महिला पुलिस और सादे लिबास में तैनात रहेंगे जवान

भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग, छेड़खानी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए घाटों पर महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

एसएसपी राकेश रंजन ने छठ पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि छठव्रती और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.