जिला स्तरीय चैलेंज ट्रैक के PPT राउंड का आयोजन, युवाओं की नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को परखने के लिए जूरी ने किया मूल्यांकन
रांची, 18 नवंबर। विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (Viksit Bharat Young Leaders Dialogue) 2027 के तहत बुधवार को रांची जिला स्तरीय चैलेंज ट्रैक के PPT राउंड का आयोजन किया गया। मोरहाबादी स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम के मीडिया सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता में छह प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य शाखा, रांची तथा मेरा युवा भारत (My Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता का संचालन उप विकास आयुक्त, रांची की अध्यक्षता में गठित जूरी के माध्यम से हुआ।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत की राज्य निदेशक ललिता कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन में सदस्य सचिव शिवेंद्र कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन एवं संस्कृति नोडल पदाधिकारी, रांची; जनरल सनातन ग्रुप ऑफ एजुकेशन एवं बीएड कॉलेज के निदेशक डॉ. भवानी महापात्रा; XISS के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कमल बोस, डॉ. गौरव अग्रवाल और डॉ. भावना अम्बष्ठ तथा मेरा युवा भारत की असिस्टेंट डायरेक्टर सुश्री दिव्या कुमारी की भूमिका रही।
युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर विचार रखने का अवसर
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, तार्किक विश्लेषण और संवाद कौशल विकसित करना है। इसके साथ ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदार बनाने और उनकी प्रतिभा एवं विचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है।
आयोजन को सफल बनाने में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य शाखा, रांची के जिला खेल समन्वयक आशीष कुमार बनर्जी, मुकेश कुमार, दीपक कुमार तथा मेरा युवा भारत, रांची की टीम और अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



