रणबीर कपूर और यश की फिल्म ने वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन में बनाया नया रिकॉर्ड, भारत में भी 1,000 करोड़ कमाने वाली तीसरी हिंदी फिल्म बनी
मुंबई: रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है। फिल्म रिलीज के महज 14 दिनों में दुनियाभर में 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली सबसे तेज भारतीय फिल्म बन गई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1,519.05 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसके साथ ही इसने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। धुरंधर 2 ने 1,500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में 16 दिन लगाए थे।
भारत में 1,000 करोड़ कमाने वाली तीसरी हिंदी फिल्म
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1,009.05 करोड़ रुपये हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली छठी भारतीय और तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है।
इससे पहले ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। वहीं, भारतीय फिल्मों की इस सूची में ‘बाहुबली 2’, ‘केजीएफ 2’ और ‘पुष्पा 2’ भी शामिल हैं। खास बात यह है कि यश की दो फिल्में ‘केजीएफ 2’ और ‘रामायण’ अब भारत में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई हैं।
हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई
फिल्म ने रिलीज के 14वें दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। अब तक इसका घरेलू नेट कलेक्शन 844.40 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि विदेशों से फिल्म ने करीब 510 करोड़ रुपये कमाए हैं।
भाषा के आधार पर फिल्म की कमाई में हिंदी का सबसे बड़ा योगदान है। अब तक के भारतीय नेट कलेक्शन में हिंदी की हिस्सेदारी 643.50 करोड़ रुपये है, जो कुल कमाई का लगभग 76.2 प्रतिशत है।
अन्य भाषाओं में फिल्म का नेट कलेक्शन इस प्रकार है:
- कन्नड़: 68.75 करोड़ रुपये
- तेलुगु: 53.70 करोड़ रुपये
- तमिल: 39.65 करोड़ रुपये
- मलयालम: 38.80 करोड़ रुपये
दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में पांचवें स्थान पर
वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में ‘रामायण’ फिलहाल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर है। इस सूची में अभी ‘दंगल’, ‘धुरंधर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ इससे आगे हैं।
2,000 करोड़ रुपये बताया गया पहले पार्ट का बजट
फिल्म के बजट और हिट होने के पैमाने को लेकर भी चर्चा जारी है। ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि किसी फिल्म के हिट या फ्लॉप होने का आकलन उसके डिस्ट्रीब्यूटर शेयर के आधार पर किया जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माताओं ने हाईकोर्ट में फिल्म के पहले पार्ट का बजट 2,000 करोड़ रुपये बताया है। इसी आधार पर सुमित कडेल का अनुमान है कि फिल्म को हिट माने जाने के लिए हिंदी में कम से कम 1,100 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 2,800 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना होगा।
ग्रॉस और नेट कलेक्शन में क्या है अंतर?
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में ग्रॉस और नेट कलेक्शन का अंतर समझना जरूरी है।
- वर्ल्डवाइड ग्रॉस: भारत और विदेशों में टिकटों की बिक्री से हुई कुल कमाई।
- ग्रॉस कलेक्शन: टिकट बिक्री से प्राप्त रकम, जिसमें टैक्स भी शामिल होता है।
- नेट कलेक्शन: ग्रॉस कलेक्शन में से जीएसटी जैसे लागू टैक्स हटाने के बाद बची रकम।
इसी वजह से किसी फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन उसके नेट कलेक्शन से ज्यादा होता है।



