रांची: झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह 22 नवंबर 2026 को विधानसभा परिसर, कुटे (रांची) में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
11:30 बजे शुरू होगा स्थापना दिवस समारोह
विधानसभा परिसर में 22 नवंबर को पूर्वाह्न 11:30 बजे समारोह का आयोजन होगा। बैठक में अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आवासन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उत्कृष्ट विधायक और विधानसभा कर्मियों को मिलेगा सम्मान
स्थापना दिवस समारोह के दौरान विधायी उत्कृष्टता चयन समिति द्वारा चयनित विधानसभा के एक सदस्य को बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
समारोह में झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्यों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
‘उड़ान’ पत्रिका के 104वें अंक का होगा विमोचन
इस अवसर पर विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका ‘उड़ान’ के 104वें अंक सहित अन्य पुस्तकों का विमोचन और लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में विधानसभा की उपलब्धियों और विधायी गतिविधियों से जुड़े प्रकाशनों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
25 और 26 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र
बैठक में स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के साथ-साथ आगामी 25 और 26 नवंबर को आहूत विधानसभा के विशेष सत्र के सुचारू संचालन पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को सत्र के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव, विधानसभा के प्रभारी सचिव, मंत्रिमंडल एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, रांची के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



