रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाना सरकार का संकल्प है। इसके लिए संस्थान में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अत्याधुनिक जांच तकनीक और डिजिटल हेल्थ सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में रिम्स में 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन कर इसे राज्य की जनता को समर्पित किया गया है। इसके साथ ही ओपीडी-आईपीडी भवन के नवीनीकरण और विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
2.30 करोड़ की लागत से बनी BSL-III लैब
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 2.30 करोड़ रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला का निर्माण कराया गया है। यहां टीबी की कल्चर जांच और ड्रग सेंसिटिविटी टेस्ट की सुविधा उपलब्ध होगी।
इससे मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) के मरीजों की पहचान और उनके बेहतर उपचार में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। आधुनिक बायोसेफ्टी तकनीक से लैस इस प्रयोगशाला में HEPA फिल्ट्रेशन और नेगेटिव एयर प्रेशर सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इससे संक्रमण के जोखिम को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित जांच संभव होगी।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता होगी कम
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच और इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े।
इसके लिए रिम्स में आधुनिक डायग्नोस्टिक्स, डिजिटल हेल्थ सुविधाओं और नई चिकित्सा तकनीकों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिम्स को बेहतर चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
दो वर्षों में पूरा होगा ओपीडी-आईपीडी भवन का विस्तार
रिम्स में ओपीडी-आईपीडी भवन के नवीनीकरण और विस्तार परियोजना को भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे अस्पताल की आधारभूत संरचना और मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र सिन्हा ने कहा कि संस्थान को आधुनिक तकनीक और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। वहीं, अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरुवा ने नई माइक्रोबायोलॉजी लैब को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश बैठा समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कांके विधायक सुरेश बैठा, रिम्स निदेशक डॉ. दीपेंद्र सिन्हा, अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरुवा सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने दोहराया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।



