Bokaro News: लुगुबुरू घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 के लिए प्रशासन ने पूरी की तैयारी, श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनी टेंट सिटी; सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम
बोकारो: झारखंड की आदिवासी आस्था, संस्कृति और परंपरा के प्रतीक लुगुबुरू घंटाबाड़ी राजकीय महोत्सव-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोकारो जिले में स्थित लुगुबुरू पहाड़, पुण्य थान और मुख्य समारोह स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। जिला प्रशासन और आयोजन समिति देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है।
महोत्सव में झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा देश के दूसरे राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
डीसी और एसपी करेंगे महोत्सव का शुभारंभ
लुगुबुरू राजकीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ रविवार को बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और लुगुबुरू समिति के सदस्यों की उपस्थिति में किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों की उपायुक्त लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियों के अनुसार वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए तैयार की गई टेंट सिटी
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विशेष टेंट सिटी तैयार की गई है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रमुख रास्तों पर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लुगुबुरू पहाड़, पूजा स्थल, मुख्य समारोह स्थल और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है।
आदिवासी कला और संस्कृति की दिखेगी झलक
लुगुबुरू महोत्सव के दौरान झारखंड की समृद्ध आदिवासी कला, संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की झलक पेश करेंगे।
महोत्सव के जरिए आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थलों और आवागमन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने महोत्सव में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया है। प्रशासन ने लोगों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल तरीके से संपन्न कराना है।



