रांची, 12 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग ने पदक पाने वाले अधिकारियों और कर्मियों की सूची जारी कर दी है। सम्मान पाने वालों में तीन IPS अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं।
एक ASI को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक
जारी सूची के अनुसार, जैप-1 के ASI कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, पांच पुलिसकर्मियों को उनकी वीरतापूर्ण सेवाओं के लिए वीरता पदक दिया जाएगा। इनमें लातेहार के अवर निरीक्षक विनय कुमार, IRB-4 लातेहार के ASI प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा IRB-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।
तीन IPS अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वालों में तीन IPS अधिकारी शामिल हैं। इनमें महानिरीक्षक रेल डॉ. माइकल राज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात IPS अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के DSP नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, STF के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय और ITS रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी को भी सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
STF और जिला पुलिस के कई जवान भी सम्मानित
सराहनीय सेवा के लिए STF के ASI अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को पदक मिलेगा।
रांची जिला के ASI दीपक पुंज, CID के ASI महेंद्र महतो, STF के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा भी सम्मानित किए जाएंगे।
इसके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
पांच महिला पुलिसकर्मियों को भी मिलेगा सम्मान
इस साल पुलिस पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।
इसके अलावा जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
13 अगस्त तक रिपोर्ट करने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि पदक प्राप्त करने वाले अधिकारी और कर्मी 13 अगस्त 2026 की दोपहर तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करें।
मुख्यालय ने यह भी कहा है कि यदि इस दौरान किसी पदक प्राप्तकर्ता का स्थानांतरण या पदस्थापन हो जाता है, तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक या नियंत्रक पदाधिकारी इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर दिया जाने वाला यह पुलिस पदक अधिकारियों और जवानों की विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के सम्मान का प्रतीक है।



