Independence Day 2026: हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, ‘ऐसी परीक्षा व्यवस्था बनाएंगे जिस पर अभ्यर्थियों को हो भरोसा’

झारखंड के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM हेमंत सोरेन ने परीक्षा व्यवस्था, रोजगार, JPSC-JSSC, कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं बताईं रांची, 15 अगस्त: झारखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में

झारखंड के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर CM हेमंत सोरेन ने परीक्षा व्यवस्था, रोजगार, JPSC-JSSC, कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं बताईं

रांची, 15 अगस्त: झारखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने युवाओं, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था, कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं।

अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड केवल खनिज संपदा वाला राज्य नहीं, बल्कि भारत की आदिवासी चेतना का केंद्र है। राज्य का विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें आधुनिकता के साथ परंपरा और विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बना रहे।

परीक्षा व्यवस्था को लेकर अभ्यर्थियों को दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर कहा कि परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होने से केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती, बल्कि युवाओं की पूरी पीढ़ी का विश्वास प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार करेगी, जिस पर अभ्यर्थियों और समाज दोनों को भरोसा हो।

सोरेन ने कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिना प्रमाण किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है।

सरकार परीक्षा व्यवस्था में समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर, तकनीक-सुरक्षित परीक्षा प्रणाली, उत्तर-कुंजी और ओएमआर की समय पर उपलब्धता तथा बहुस्तरीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी।

‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान

मुख्यमंत्री ने परीक्षा सुधार के लिए ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, विशेषज्ञों और अभिभावकों से सुझाव देने की अपील की। सरकार इन सुझावों का विशेषज्ञों के साथ अध्ययन कर नियमों के अनुरूप उपयोगी सुझावों को लागू करने का प्रयास करेगी।

रोजगार और JPSC-JSSC पर भी जोर

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सिर्फ सरकारी नौकरियां भरना नहीं, बल्कि उद्योग, एमएसएमई, कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, पर्यटन, डिजिटल सेवाओं और स्टार्टअप के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना भी है।

उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC समेत अन्य भर्ती एजेंसियों के जरिए नियुक्ति प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कृषि को किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना का जिक्र करते हुए बताया कि करीब 2.15 लाख एकड़ में वृक्षारोपण और लगभग 3 लाख परिवारों को आजीविका से जोड़ने का दावा किया।

महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उल्लेख किया और कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का दावा

सोरेन ने राज्य में मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाओं, टेलीमेडिसिन और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव और शहर दोनों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

प्रकृति और विकास के बीच संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का विकास प्रकृति और पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य ऐसा उदाहरण बन सकता है जहां विकास और प्रकृति, आधुनिकता और परंपरा तथा उद्योग और पर्यावरण के बीच बेहतर संतुलन कायम हो।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, तिलका मांझी, फूलो-झानो, चांद-भैरव, शेख भिखारी और नीलांबर-पीतांबर समेत झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों और महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि दी।


Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.