रांची जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में DAV गांधीनगर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन। अंडर-17 सिंगल्स में अभिनव झा विजेता, जबकि अंडर-15 डबल्स में तन्मय-पिगुवा की जोड़ी ने खिताब जीता…
रांची, 19 अगस्त 2026। रांची जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में डीएवी गांधीनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में सफलता हासिल की। अंडर-17 बालक सिंगल्स में विद्यालय के अभिनव झा ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
वहीं, अंडर-15 बालक डबल्स में तन्मय और पिगुवा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। अंडर-17 बालक डबल्स में अभिनव और पियुष की जोड़ी को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को मिलता है अनुभव : प्राचार्य
इस उपलब्धि पर डीएवी गांधीनगर के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से खिलाड़ियों के खेल में निखार आता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक गोविंद झा, कौशल कुमार, स्वाति शिप्रा और निशा कुमारी ने भी सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।



