रांची: राजधानी रांची के विधानसभा इलाके में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल सिंह गिरोह से जुड़े बताए जा रहे शाहिद नामक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शाहिद और उसका साथी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। दोनों के पास से दो पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
लूटी गई बाइक से वारदात की फिराक में थे अपराधी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह का कुख्यात अपराधी शाहिद अपने एक साथी के साथ लूटी गई बाइक पर सवार होकर विधानसभा क्षेत्र की ओर जा रहा है। आशंका थी कि दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा शुरू किया। पुलिस ने जब दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में शाहिद को लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान शाहिद के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, पुलिस ने उसके दूसरे साथी को पकड़ लिया।
घटना के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी है।
कांके और गुमला की फायरिंग में शामिल होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, घायल शाहिद का नाम पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में सामने आया है। वह कांके के रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप पर फायरिंग और गुमला में शिवालया कंस्ट्रक्शन पर गोलीबारी की घटनाओं में शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों अपराधी किस वारदात को अंजाम देने के लिए विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे और उनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका क्या है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।


