Janmashtami 2026: देशभर में जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंदिरों में उमड़ी भीड़ और मुंबई में दही हांडी की तैयारियों की तस्वीरों में देखें खास झलक…
Janmashtami 2026: देशभर में आज जन्माष्टमी का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कृष्ण मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। कहीं आरती और भजनों की गूंज सुनाई दे रही है तो कहीं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं, मुंबई में मशहूर दही हांडी उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आइए तस्वीरों में देखते हैं कृष्ण जन्माष्टमी की खास झलकियां…
कृष्ण मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर के कृष्ण मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान कृष्ण के दर्शन और पूजा के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं।
कृष्ण जन्माष्टमी, जिसे कृष्णाष्टमी के नाम से भी जाना जाता है, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान कृष्ण भगवान विष्णु के आठवें अवतार हैं।
मुंबई में दही हांडी की तैयारियां तेज

जन्माष्टमी के साथ मुंबई में होने वाला दही हांडी उत्सव भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। शनिवार को होने वाले इस उत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं।
दही हांडी के दौरान गोविंदा की टीमें मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकाई गई दही और दूध से भरी मिट्टी की हांडी फोड़ती हैं। इस रोमांचक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
इस्कॉन मंदिर में भव्य मंगला आरती
मुंबई के गिरगांव चौपाटी स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत भव्य मंगला आरती से हुई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
BMC और पुलिस ने किए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
दही हांडी उत्सव के दौरान मुंबई में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और मुंबई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक रूट में बदलाव किए गए हैं।
तस्वीरों में देखें जन्माष्टमी की धूम
मंदिरों की भव्य सजावट से लेकर भक्तों की भीड़ और मुंबई के दही हांडी उत्सव की तैयारियों तक, देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह देखते ही बन रहा है। तस्वीरों में देखिए जन्माष्टमी के रंग, भक्ति और उत्सव की खास झलकियां।






