रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के सुकीर्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बंद फ्लैट का ताला तोड़कर 35 लाख रुपये से अधिक के जेवरात, नकदी, घड़ियां और दस्तावेज चोरी कर लिए गए।
रांची, 28 सितंबर । चुटिया थाना क्षेत्र के सुकीर्ति अपार्टमेंट में दिनदहाड़े बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। चोर फ्लैट से सोने-चांदी और हीरे के जेवरात, नकदी, कीमती घड़ियां और जमीन के मूल दस्तावेज लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना सुकीर्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-201 की है। परिवार के लोग रविवार सुबह घर बंद कर काम पर चले गए थे। शाम करीब 6 बजे वापस लौटने पर मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने तीनों अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे सामान पर हाथ साफ किया।
हीरे की अंगूठी से लेकर सोने के सिक्के तक चोरी
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान में हीरे की अंगूठी, सोने की अंगूठियां, नेकलेस सेट, सोने की चेन, करीब 16 जोड़ी सोने की बालियां, सोने की चूड़ियां और सोने के सिक्के सहित कई अन्य आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा घर से करीब 14 कीमती घड़ियां, गोमो स्थित जमीन के मूल दस्तावेज और करीब 1.10 लाख से 1.30 लाख रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
सेवा सदन में काम करते हैं दंपती
मामले को लेकर फ्लैट मालिक संजू चट्टोराज ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, संजू चट्टोराज और उनकी पत्नी सेवा सदन में काम करते हैं। रविवार सुबह करीब 10 बजे दोनों रोज की तरह फ्लैट बंद कर काम पर चले गए थे। शाम करीब 6 बजे लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजा टूटा मिला। इसके बाद घर के अंदर जांच करने पर चोरी का पता चला।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



