रांची। मोरहाबादी वेंडर मार्केट में विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर दुकानदारों ने सोमवार को मार्केट बंद रखा। इस दौरान मार्केट की सभी दुकानें बंद रहीं। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से नगर निगम के समक्ष समस्याओं को रखा जा रहा है, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण उन्हें विरोध में दुकानें बंद करनी पड़ीं।
दुकानदारों ने नगर निगम की ओर से की जाने वाली कथित वसूली को लेकर भी आरोप लगाए। उनका कहना है कि निगम के कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड दुकानदारों से पैसे की मांग करते हैं। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर नोटिस जारी किए जाने की बात कही जाती है।
पानी, शौचालय और सफाई व्यवस्था पर सवाल
दुकानदारों के अनुसार, मार्केट में कचरा रखने के लिए पर्याप्त कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं है। पानी की समस्या भी बनी हुई है। शौचालय की नियमित सफाई नहीं होने से बदबू की परेशानी का भी दुकानदारों ने उल्लेख किया।
उनका कहना है कि बड़ा सेफ्टी टैंक बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, क्योंकि मौजूदा टैंक बार-बार भर जाता है। इसके अलावा बर्तन धोने के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
सामान जब्ती और सिगरेट बिक्री को लेकर आरोप
दुकानदारों ने सिगरेट बेचने के मामले में नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इस मामले में उन पर दबाव बनाया जाता है। साथ ही, कुछ मामलों में बिना जब्ती सूची बनाए सामान जब्त किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
दुकानदारों ने मार्केट में रोजाना होने वाली बिजली की समस्या को दूर करने और मजबूत वायरिंग के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है।
किराया बढ़ाने का विरोध
दुकानदारों ने मासिक किराया 500 रुपये से बढ़ाए जाने का भी विरोध किया। उनका कहना है कि जब मार्केट में पहले से बुनियादी सुविधाओं की कमी है, ऐसे में किराए का अतिरिक्त बोझ उचित नहीं है।
इसके अलावा एफ-1 से एफ-52 तक की दुकानों में जगह कम होने का मुद्दा भी उठाया गया। दुकानदारों ने दुकानों के सामने कम से कम 8 फीट जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग
मार्केट की खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने के साथ ही फूड मार्केट की तर्ज पर ग्राहकों के बैठने के लिए शेड और बेंच लगाने की मांग की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों ने दिन में अतिरिक्त महिला सुरक्षा गार्ड और रात में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग रखी। दुकानदारों का कहना है कि वे मार्केट के बेहतर संचालन के पक्ष में हैं, लेकिन इसके लिए बुनियादी सुविधाओं और उनकी समस्याओं का समाधान जरूरी है। इन्हीं मांगों को लेकर सोमवार को मार्केट बंद रखकर विरोध दर्ज कराया गया।



