निशिन। भारत ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब गोल्ड मेडल के लिए भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। यह एशियन गेम्स के क्रिकेट इतिहास में पहली बार होगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के छह बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल सके।
भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली। वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। वैभव ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।
बुमराह और अक्षर ने बरपाया कहर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट हासिल किए। इसके बाद अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की स्थिति और खराब कर दी।
भारत की ओर से बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा श्रीलंका के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। पूरी टीम 45 रन पर सिमट गई।
टी-20 में श्रीलंका पर भारत की सबसे बड़ी जीत
124 रन की जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले भारत की श्रीलंका पर सबसे बड़ी टी-20 जीत 93 रन की थी, जो 2017 में कटक में मिली थी।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई जगह
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया। मैच को 13-13 ओवर का किया गया था। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 111 रन बनाए। पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा।



