अस्मिता राज्य वुशु चैंपियनशिप 25 से 30 नवंबर तक रांची में, सभी जिलों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

रांची: झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से अस्मिता कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय महिला वुशु चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 25 से 30 नवंबर 2026 तक ठाकुर विश्वनाथ सहायदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स

रांची: झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से अस्मिता कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय महिला वुशु चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 25 से 30 नवंबर 2026 तक ठाकुर विश्वनाथ सहायदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में होगी।

अस्मिता यानी Achieving Sports Milestones by Inspiring Women through Action कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है। वुशु के माध्यम से बालिकाओं में आत्मरक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक दक्षता विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

प्रत्येक जिले से 18 महिला खिलाड़ी होंगी शामिल

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के सभी मान्यता प्राप्त जिला वुशु एसोसिएशन की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक जिला से सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में छह-छह महिला खिलाड़ियों, यानी कुल 18 खिलाड़ियों को भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण और सहभागिता शुल्क पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी आयोजकों की ओर से निःशुल्क की जाएगी। हालांकि खिलाड़ियों, मैनेजर और कोच को यात्रा या दैनिक भत्ता नहीं दिया जाएगा।

प्रत्येक जिला एसोसिएशन एक अधिकृत तकनीकी पदाधिकारी और एक वालंटियर भी भेज सकता है। इनके रहने, भोजन तथा नियमानुसार यात्रा या दैनिक भत्ते की व्यवस्था की जाएगी।

सभी जिलों में होंगे एक दिवसीय कार्यक्रम

राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के साथ सभी जिला वुशु एसोसिएशन को अपने-अपने जिलों में एक दिवसीय वुशु प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला खिलाड़ियों और बालिकाओं को अस्मिता अभियान की जानकारी दी जाएगी और अधिक से अधिक नई प्रतिभाओं को वुशु से जोड़ने का प्रयास होगा।

जिला संघों को स्थानीय पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और खिलाड़ियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने तथा स्थानीय मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है।

झारखंड वुशु एसोसिएशन के सचिव शैलेन्द्र दुबे ने सभी जिला संघों से अभियान में सक्रिय भागीदारी और सहयोग की अपील की। उन्होंने झारखंड को यह जिम्मेदारी दिए जाने पर वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.