धनबाद: धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में 26वीं अंतर क्लब अंडर-14 मिनी वॉलीबॉल लीग चैंपियनशिप बुधवार से वॉलीबॉल कोचिंग सेंटर स्टेडियम में शुरू हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन अपराह्न दो बजे धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के महासचिव सूरज प्रकाश लाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मुकाबले में चासनाला अकादमी ने जवाहरलाल नेहरू स्कूल, डिगवाडीह को 25-22, 25-19 और 25-21 से हराया।
दूसरे मुकाबले में एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब, निरसा ने जेएन स्कूल को 25-17, 25-21 और 25-19 से पराजित किया। वहीं, तीसरे मुकाबले में यूथ क्लब और एमपीएल स्पोर्ट्स क्लब के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें यूथ क्लब ने 25-23, 25-23 और 26-24 से जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के आयोजकों के अनुसार, अंडर-14 खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने और जिले में वॉलीबॉल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लीग का आयोजन किया जा रहा है।
8 अक्टूबर को प्रतियोगिता के सभी मुकाबले दोपहर एक बजे से खेले जाएंगे। लीग के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।
उद्घाटन समारोह के दौरान जितेन कुमार, नीरज कुमार, कन्हैया यादव, निखिल कुमार, शुभम कुमार, दीपक कुमार, ईशान स्वर्णकार और ऋषि महतो सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


