**रांची: ** डीएवी सीएमसी के तत्वावधान में दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न स्टेडियमों में आयोजित डीएवी स्पोर्ट्स नेशनल लेवल प्रतियोगिता में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग (रांची) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीतकर विद्यालय और झारखंड का नाम रोशन किया।
प्रियांशु और अल फहद ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में जूडो के अंडर-17 आयु वर्ग के 73-81 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियांशु कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, बॉक्सिंग के अंडर-14 आयु वर्ग के 40-42 किलोग्राम भार वर्ग में अल फहद अंसारी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
वूशु, बॉक्सिंग और जूडो में भी शानदार प्रदर्शन
अन्य खेल विधाओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वूशु प्रतियोगिता में आर्यन सिंह, अभिराज कृष्णा, आयुष राज और राजनंदनी ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, बॉक्सिंग में पलक कुमारी और मोहम्मद नसर, जूडो में अमन कुजूर तथा ताइक्वांडो में आराधना और लारेब खान ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीते। इसके अलावा हाई जंप प्रतियोगिता में रोनित कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में आयोजित विशेष सभा में झारखंड पब्लिक स्कूल्स जोन-जे के एआरओ सह एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने सभी विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्हें उम्मीद है कि खिलाड़ी निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करेंगे। उनकी उपलब्धि दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
प्राचार्य ने सभी विजेता खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों और खेल शिक्षकों राजेश प्रसाद सिन्हा एवं आशीष जायसवाल को बधाई दी। साथ ही टीम मैनेजर अनुरंजन कुमार, रितुपर्णा हाजरा, सुरभि नेहा, कोमल वर्मा, पल्लवी कुमारी और नेहा प्रिया के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



