पटना, 6 नवंबर। बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और कथित अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। शेरपुर गंगा घाट के पास हुई इस मुठभेड़ में तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों पेशेवर शूटर थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। मुठभेड़ के दौरान मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे शुरू हुई मुठभेड़ लगभग 20 मिनट तक चली। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर 24 राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस की ओर से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग जुट गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक हंगामा, धक्का-मुक्की और पथराव की स्थिति बनी रही। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पुलिस का दावा- बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे आरोपी
एसएसपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शेरपुर इलाके में कुछ आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोग मौजूद हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ और जिला पुलिस बल की टीमें इलाके में गश्त कर रही थीं।
पुलिस का कहना है कि टीम के मौके पर पहुंचते ही आरोपियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के बाद तीन लोग घायल अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्टल और दो देसी कट्टा बरामद करने की बात कही है। मौके पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और खोखों की जांच की।
मुठभेड़ में मनेर SHO को लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार के हाथ में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान एएसपी अजीत कुमार को भी चोट लगने की सूचना है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी। अस्पताल परिसर में चार थानों की पुलिस और 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
दानापुर अस्पताल में पांच घंटे तक हंगामा, पुलिस पर पथराव
तीनों मृतकों के शव दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और अस्पताल परिसर में पथराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के बाहर खड़ी गाड़ियों और एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को अस्पताल परिसर से बाहर किया।
परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों को मुठभेड़ में मारा गया, उनका पैक्स अध्यक्ष की हत्या के मामले में नाम नहीं था। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मीसा भारती अस्पताल पहुंचीं, एनकाउंटर पर उठाए सवाल
हंगामे की सूचना पर पाटलिपुत्र की राजद सांसद मीसा भारती दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
मीसा भारती ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कानून के तहत होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में जाति को आधार बनाया जा रहा है। हालांकि, यह उनका आरोप है।
उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों से पहले पोस्टमॉर्टम कराने की अपील की। मीसा भारती ने कहा कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन कानूनी लड़ाई लड़ सकते हैं और शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
AIIMS पटना में तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमॉर्टम
काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना एम्स भेजा गया। वहां डॉक्टरों का पैनल पोस्टमॉर्टम करेगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान प्रत्येक चोट का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। परिजनों की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी करने की बात भी कही गई है।
19 अक्टूबर को पैक्स अध्यक्ष की हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ की पृष्ठभूमि में मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या का मामला भी है। 19 अक्टूबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच संजीत कुमार और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार अपने दलान पर बैठे थे।
इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे चार नकाबपोश अपराधियों ने दोनों पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की मौत हो गई, जबकि पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी थी।
इस वारदात के पीछे पंचायत चुनाव से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई थी। पुलिस इसी मामले समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों के संदर्भ में जांच कर रही थी।
परिजनों ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
मुठभेड़ में मारे गए जेपी यादव के बड़े भाई रामाशीष यादव ने दावा किया कि उनके भाई का नाम पैक्स अध्यक्ष की हत्या के मामले में नामजद नहीं था। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि तीनों मृतकों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके पास से हथियार बरामद किए गए हैं। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।



