पलामू में छठ घाट पर अवैध टेंट लगाकर हो रही थी वसूली, प्रशासन ने हटाए सभी टेंट; 5 हजार रुपये तक मांगी जा रही थी रकम

पलामू। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से पहले पलामू जिला प्रशासन ने डाल्टनगंज के अमानत नदी तट पर अवैध रूप से टेंट लगाकर श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। छठ घाट के आसपास कुछ लोगों द्वारा निजी टेंट लगाकर उनकी

पलामू। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से पहले पलामू जिला प्रशासन ने डाल्टनगंज के अमानत नदी तट पर अवैध रूप से टेंट लगाकर श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। छठ घाट के आसपास कुछ लोगों द्वारा निजी टेंट लगाकर उनकी बुकिंग की जा रही थी। इसके एवज में श्रद्धालुओं से प्रति टेंट करीब 5 हजार रुपये तक वसूले जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सभी अवैध टेंट हटवा दिए।

जानकारी के अनुसार, अमानत नदी तट पर छठ घाट के समीप कुछ लोगों ने सार्वजनिक स्थल पर टेंट लगाकर बुकिंग शुरू कर दी थी। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

सीओ, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

उपायुक्त के निर्देश पर सदर अंचल अधिकारी अमरदीप मल्होत्रा, नगर निगम की टीम और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम अमानत नदी तट पहुंची। अधिकारियों ने जांच के बाद घाट पर अवैध रूप से लगाए गए सभी निजी टेंटों को हटवा दिया।

सदर सीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक घाट पर अवैध कब्जा करने या टेंट लगाकर श्रद्धालुओं से पैसे वसूलने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सार्वजनिक घाट पर किसी को कब्जे की अनुमति नहीं

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि छठ घाट सार्वजनिक स्थल हैं और किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं हैं। यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को अपनी सुविधा और आस्था के अनुसार स्वतंत्र रूप से पूजा-अर्चना करने का अधिकार है। किसी भी व्यक्ति को घाट पर अवैध कब्जा करने या निजी टेंट लगाकर जगह की बुकिंग के नाम पर पैसे वसूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए सफाई और सुरक्षा व्यवस्था

प्रशासन की ओर से अमानत नदी तट पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान घाट पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी से बचाना है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि घाटों पर किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.