सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनें लगाने की तैयारी, कैंसर की स्क्रीनिंग और शुरुआती इलाज को मिलेगा बढ़ावा
रांची, 10 नवंबर। झारखंड के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी की गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की इस पहल का लाभ झारखंड के मरीजों को भी मिलेगा। इसके साथ ही राज्य सरकार सभी जिलों के सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनें लगाने की तैयारी कर रही है। इससे कैंसर की स्क्रीनिंग और शुरुआती इलाज की व्यवस्था मजबूत होगी।
मंत्री ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि भारत सरकार के औषधि विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया था। यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।
कई कैंसर दवाओं की कीमतों में 50 से 75 प्रतिशत तक कमी
नई व्यवस्था के तहत दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) में दवा के अनुसार बड़ी कटौती की जा रही है। कई दवाओं की कीमतों में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी संभव हुई है, जबकि कुछ दवाओं में इससे भी अधिक कटौती दर्ज की गई है। इससे कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
गरीब परिवारों को इलाज में मिलेगी राहत
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज केवल इसलिए नहीं रुकना चाहिए कि किसी गरीब परिवार के पास महंगी दवाएं खरीदने के पैसे नहीं हैं। झारखंड में बड़ी आबादी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की है। ऐसे परिवारों के लिए कैंसर के इलाज में लाखों रुपये खर्च करना बेहद मुश्किल होता है।
उन्होंने कहा कि कई बार कैंसर के इलाज के लिए परिवारों को अपनी जमा-पूंजी खर्च करने के साथ जमीन और संपत्ति तक बेचनी पड़ती है। दवाओं की कीमतों में कमी से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सदर अस्पतालों में लगेंगी सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनें
मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनें लगाने की तैयारी की जा रही है। इससे मरीजों को जांच की सुविधा जिला स्तर पर उपलब्ध कराने और कैंसर की समय रहते पहचान करने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि मरीजों को शुरुआती स्तर पर जांच और इलाज की बेहतर सुविधा मिल सके।



