Jharkhand News: CM हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप से बिहार में बंधक बनाए गए गिरिडीह के 8 श्रमिक मुक्त

गयाजी की बोरवेल कंपनी में करते थे काम, मोबाइल छीनने, मारपीट और मजदूरी नहीं देने का आरोप; मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने कराई घर वापसी गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद बिहार के गयाजी में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखे

गयाजी की बोरवेल कंपनी में करते थे काम, मोबाइल छीनने, मारपीट और मजदूरी नहीं देने का आरोप; मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने कराई घर वापसी

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद बिहार के गयाजी में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखे गए झारखंड के आठ श्रमिकों को मुक्त करा लिया गया है। सभी श्रमिक गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड की हरलाडीह पंचायत के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सभी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराई।

गयाजी की बोरवेल कंपनी में करते थे काम

जानकारी के अनुसार, पीरटांड़ प्रखंड के आठों श्रमिक रोजगार की तलाश में बिहार के गयाजी जिले गए थे। वहां वे गयाजी सदर क्षेत्र की एक बोरवेल कंपनी में काम कर रहे थे। आरोप है कि कंपनी के मालिक ने पिछले सप्ताह उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे। इसके बाद श्रमिकों के साथ मारपीट की गई और उनकी मजदूरी का भुगतान भी रोक दिया गया। आरोप है कि उन्हें जबरन कंपनी में रोककर रखा गया था।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई सरकार

पीरटांड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी ने बताया कि श्रमिकों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान में आया। कंपनी में काम करने वाले श्रमिकों के मोबाइल फोन छीन लिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने किसी तरह दूसरे मोबाइल की मदद से अपनी स्थिति का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन और सरकार तक पहुंचा। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई कर सभी श्रमिकों को मुक्त कराने का निर्देश दिया।

प्रशासन की पहल पर सुरक्षित घर लौटे सभी श्रमिक

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रमिकों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासनिक पहल के बाद सभी आठ श्रमिकों को मुक्त कराया गया और मंगलवार को उन्हें उनके गृह क्षेत्र पहुंचाया गया।

सकुशल लौटे श्रमिकों में सुनील मुर्मू, सुखू टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, राजू बास्के, करमू टुडू, बबलू मरांडी, दिनेश सोरेन और रंजीत मुर्मू शामिल हैं।

पांच श्रमिक एक ही गांव के निवासी

घर लौटे आठ श्रमिकों में से पांच बरवाडीह गांव के निवासी हैं। इनमें सुनील मुर्मू, सुखू टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, दिनेश सोरेन और रंजीत मुर्मू शामिल हैं। वहीं, राजू बास्के भेलवाडीह, करमू टुडू जरकाई और बबलू मरांडी शहरपुरा गांव के रहने वाले हैं।

परिवार के बीच लौटने पर मिली राहत

श्रमिकों की सुरक्षित वापसी पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने राहत जताई। बीडीओ मनोज मरांडी ने स्वयं श्रमिकों का स्वागत किया और उन्हें घर पहुंचाने की व्यवस्था की। लंबे समय बाद परिवार के बीच लौटने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।


Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.