खरना पर राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दीं शुभकामनाएं, छठ व्रतियों के तप और त्याग को किया नमन

छठी मइया और भगवान भास्कर से की सुख, शांति और समृद्धि की कामना, सोशल मीडिया पर साझा किया शुभकामना संदेश रांची: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के दूसरे अनुष्ठान खरना के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

छठी मइया और भगवान भास्कर से की सुख, शांति और समृद्धि की कामना, सोशल मीडिया पर साझा किया शुभकामना संदेश

रांची: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के दूसरे अनुष्ठान खरना के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। दोनों ने छठ व्रतियों के कठिन तप, त्याग, समर्पण और अटूट श्रद्धा को नमन करते हुए छठी मइया एवं भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में कहा कि छठी मइया और भगवान भास्कर की कृपा से हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैले। उन्होंने खरना के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर समस्त छठ व्रतियों और उनके परिजनों को खरना की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह परिवार के प्रति समर्पण, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्योपासना की अद्भुत परंपरा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने छठ व्रतियों के कठिन तप, त्याग और निर्जला व्रत को उनकी अटूट श्रद्धा एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मइया से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने ‘जय छठी मइया’ कहकर सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि खरना छठ महापर्व का दूसरा महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं और खीर सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.