मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को दी 26वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, कहा- जल, जंगल, जमीन और भाषा-संस्कृति की रक्षा के साथ पुरखों के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि झारखंड के वीर पुरखों ने जिस राज्य का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए अबुआ सरकार पूरी तरह संकल्पित है। जल, जंगल, जमीन और राज्य की समृद्ध भाषा-संस्कृति की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में खुशहाल, समृद्ध और विकसित झारखंड की परिकल्पना साझा करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा राज्य बनाना है, जहां हर घर में खुशहाली हो, हर हाथ को रोजगार मिले, हर बच्चा शिक्षित हो और हर मंईया को सम्मान मिले। उन्होंने राज्यवासियों से एकजुट होकर झारखंड को बेहतर और समृद्ध बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा का संकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की प्राकृतिक संपदा, आदिवासी अस्मिता, पारंपरिक संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ी है। इन धरोहरों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि अबुआ सरकार राज्य के पुरखों के सपनों और संघर्षों को सम्मान देते हुए उनके आदर्शों के अनुरूप झारखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
रोजगार, शिक्षा और महिला सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने समावेशी विकास को सरकार का प्रमुख लक्ष्य बताते हुए कहा कि झारखंड के प्रत्येक परिवार तक खुशहाली पहुंचनी चाहिए। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिलाओं को समाज में सम्मानजनक स्थान मिले, इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, ताकि झारखंड का हर नागरिक सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी सके।
मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए अपने संदेश का समापन इन शब्दों के साथ किया- “धरती आबा अमर रहें! जय झारखंड!”
15 नवंबर को मनाया जाता है झारखंड स्थापना दिवस
गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश के 28वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। इसी दिन महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई जाती है। ऐसे में 15 नवंबर झारखंड के लिए ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व का दिन है। यह अवसर राज्य के संघर्षपूर्ण इतिहास, आदिवासी अस्मिता और अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले वीर सपूतों को याद करने का भी है।



