बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर CM हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना संग समाधि स्थल पर दी श्रद्धांजलि, बोले- जल-जंगल-जमीन की रक्षा हमारा संकल्प

कोकर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को किया नमन, मुख्यमंत्री ने कहा- उनके आदर्शों को जीवन और कर्मों में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को

कोकर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को किया नमन, मुख्यमंत्री ने कहा- उनके आदर्शों को जीवन और कर्मों में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि

रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को राजधानी रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर तथा माल्यार्पण कर महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि धरती आबा केवल इतिहास के महानायक नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के सबसे बड़े प्रतीक हैं। उन्होंने अपने समाज और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए जिस साहस और समर्पण के साथ संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

जल-जंगल-जमीन की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसकी सुरक्षा करना आज हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उनके संघर्ष और सपनों को याद करते हुए झारखंड को वैसा राज्य बनाना होगा, जिसकी कल्पना हमारे वीर पुरखों ने की थी।

उन्होंने कहा कि धरती आबा को याद करने से उनके प्रति हमारी जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। उनके विचारों और आदर्शों को अपने व्यवहार, जीवन और कर्मों में अपनाना जरूरी है।

आदर्शों को कर्मों में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों से भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को केवल समारोहों और स्मरण तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि सामाजिक जीवन में भी उन्हें आत्मसात करना होगा। यही धरती आबा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

गौरतलब है कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के साथ झारखंड राज्य स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। इस वर्ष राज्य अपने गठन की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह दिन झारखंड के इतिहास, आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और अलग राज्य के आंदोलन में योगदान देने वाले वीर सपूतों के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाता है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.