रांची के छठ घाटों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ महापर्व

बड़ा तालाब, हटिया तालाब, जेल तालाब और धुर्वा डैम समेत विभिन्न घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना रांची। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को राजधानी रांची में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य

बड़ा तालाब, हटिया तालाब, जेल तालाब और धुर्वा डैम समेत विभिन्न घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

रांची। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को राजधानी रांची में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। सोमवार अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। व्रतियों ने जलाशयों में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ।

राजधानी के बड़ा तालाब, हटिया तालाब, जेल तालाब, चडरी तालाब, कांके डैम, धुर्वा डैम, हातमा तालाब, बटन तालाब, तिरिल तालाब और अन्य छठ घाटों पर पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। घाटों पर पूजा समितियों और स्थानीय लोगों की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं।

72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम घाटों पर हुई थी व्यवस्था

छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम की ओर से शहर के 72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम घाटों पर व्यवस्था की गई थी। घाटों और आसपास के रास्तों की साफ-सफाई के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों को लगाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 501 अस्थायी चेंजिंग रूम, 83 स्थानों पर 1508 अतिरिक्त लाइटें और बिजली बाधित होने की स्थिति में 88 जनरेटर की व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा के लिए तैनात रही बचाव टीम

छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए गए थे। धुर्वा डैम में एनडीआरएफ और विवेकानंद सरोवर (रांची लेक) में एसडीआरएफ की टीम की तैनाती की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा प्रमुख घाटों पर गोताखोरों और बचाव दल की व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

घाटों पर दिखी आस्था और भक्ति की झलक

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य की उपासना की। सुबह सूर्य की पहली किरण के साथ अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने छठी मईया से परिवार की सुख-शांति और संतान की दीर्घायु की प्रार्थना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर कठिन व्रत का समापन किया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.