यूपी चुनाव 2027: राहुल बोले- सपा के साथ सम्मानजनक हो सीटों का बंटवारा, प्रियंका गांधी की अगुआई में बनी पांच सदस्यीय कमेटी

कांग्रेस ने 181 विधानसभा सीटों पर जताया दावा, 17 नवंबर को लखनऊ में सपा-कांग्रेस के बीच होगी औपचारिक बातचीत; अखिलेश यादव ने जीत की क्षमता को बताया सीट बंटवारे का आधार नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी गठबंधन में सीटों के

कांग्रेस ने 181 विधानसभा सीटों पर जताया दावा, 17 नवंबर को लखनऊ में सपा-कांग्रेस के बीच होगी औपचारिक बातचीत; अखिलेश यादव ने जीत की क्षमता को बताया सीट बंटवारे का आधार

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी गठबंधन में सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस ने बातचीत की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई पार्टी की अहम बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि सपा कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है और सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की जरूरत है।

बैठक में सपा के साथ सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। इसकी अगुआई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। कमेटी में केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किया गया है।

कांग्रेस ने 181 सीटों पर किया दावा

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश की 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत है और पिछले कुछ महीनों में जमीनी स्तर पर उसके पक्ष में माहौल बदला है। कांग्रेस ने अपनी मांग के समर्थन में ग्राउंड रिपोर्ट का हवाला दिया है।

हालांकि, कांग्रेस की इस मांग को लेकर सपा के भीतर असमंजस की स्थिति बतायी जा रही है। इसकी प्रमुख वजह 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजे हैं। उस चुनाव में कांग्रेस को महज 2.33 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी केवल दो विधानसभा सीटें जीत सकी थी।

आराधना मिश्रा बोलीं- सीटों की संख्या पर फैसला नहीं

बैठक से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत जारी है और प्रदेश के नेताओं से भी सुझाव मांगे गए हैं। औपचारिक चर्चा के बाद ही सीटों के बंटवारे की तस्वीर साफ होगी।

17 नवंबर को लखनऊ में होगी दोनों दलों की बैठक

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को लखनऊ में औपचारिक बातचीत होनी है। इसमें दोनों दलों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। दोनों पार्टियों की कमेटियां विधानसभा क्षेत्रों में जीत की संभावनाओं और संगठन की स्थिति के आधार पर सीटों पर चर्चा करेंगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। दोनों दलों के बीच बातचीत पूरी होने के बाद शीर्ष नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा।

यूपी चुनाव 2027 के लिए गठबंधन की सियासत तेज

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में अपना दल (सोनेलाल), राष्ट्रीय लोकदल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और निषाद पार्टी शामिल हैं।

वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस 2027 का चुनाव साथ लड़ने की संभावनाओं पर बातचीत कर रहे हैं। दूसरी ओर असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बहुजन समाज पार्टी ने फिलहाल किसी बड़े गठबंधन में शामिल होने की औपचारिक घोषणा नहीं की है।

सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की पांच सदस्यीय कमेटी के गठन और सपा के साथ प्रस्तावित बातचीत के बाद यूपी की चुनावी राजनीति में गठबंधन का समीकरण अहम मुद्दा बन गया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.