रांची: झारखंड की बेटियां एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने को तैयार हैं। झारखंड वुशु एसोसिएशन की ओर से आयोजित अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 नवंबर से होगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 500 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
45 तकनीकी पदाधिकारियों ने लिया सेमिनार में हिस्सा
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर होटल बालाजी, टाटीसिलवे में जजेस तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 45 तकनीकी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। ये अधिकारी प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक और तकनीकी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
झारखंड वुशु एसोसिएशन के महासचिव शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि अब तक करीब 300 महिला खिलाड़ी रांची पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता में लगभग 500 खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।
खिलाड़ियों का हुआ वजन, टीम मैनेजरों की बैठक
प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का वजन किया गया। इसके साथ ही टीम मैनेजरों की बैठक आयोजित कर उन्हें प्रतियोगिता के आयोजन, नियमों और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महिला खिलाड़ियों को पहचान और आत्मनिर्भरता देने की पहल है अस्मिता
अस्मिता का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को पहचान, अवसर और आत्मविश्वास प्रदान करना है। इस पहल के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसका लक्ष्य खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ उन्हें जिला और राज्य स्तर से आगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही खेल के क्षेत्र में महिलाओं के लिए समान अवसर, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
महासचिव शैलेन्द्र दुबे ने कहा कि अस्मिता महिला खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का सशक्त मंच है। झारखंड की बेटियां अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प से राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं।
21 नवंबर को होगा भव्य उद्घाटन, 24 को समापन
टूर्नामेंट का उद्घाटन 21 नवंबर को अपराह्न 3 बजे ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में होगा। उद्घाटन समारोह में गणमान्य अतिथियों, खेल पदाधिकारियों, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 24 नवंबर को अपराह्न 3 बजे आयोजित किया जाएगा। झारखंड वुशु एसोसिएशन ने खेल प्रेमियों और खेल संगठनों से आयोजन में शामिल होकर महिला खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।



