देशप्रिय क्लब में दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, 22 नवंबर को होगा टाइटल राउंड और पुरस्कार वितरण; 20-20 योगासन प्रतियोगिता रहेगी मुख्य आकर्षण
रांची: राजधानी रांची में योग के प्रति बच्चों और युवाओं की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से 30वीं ऑल इंडिया इंटर स्कूल एवं क्लब योग चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ। रांची योग कल्चर के तत्वावधान में देशप्रिय क्लब में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसमें शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल, लोयला कॉन्वेंट, दिल्ली पब्लिक स्कूल, योगदा कन्या पाठशाला, जी एंड एच हाई स्कूल, डीएवी कपिलदेव, डीएवी बरियातू और गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में योगदा सत्संग सोसाइटी के स्वामी निर्मलानंद जी और ब्रह्मचारी नारायणानंद जी उपस्थित रहे। इनके अलावा स्वामी दिव्यानंद जी महाराज, देशप्रिय क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमल बोस और सचिव प्रणब चौधरी ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ती है। साथ ही बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतियोगितात्मक मंच पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
20-20 योगासन प्रतियोगिता रहेगी मुख्य आकर्षण
रांची योग कल्चर के इंद्रजीत चक्रवर्ती ने बताया कि प्रतियोगिता का निरीक्षण वर्ल्ड योगा सोसाइटी, कोलकाता की निर्णायक मंडली कर रही है। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 20-20 योगासन प्रतियोगिता है, जिसमें प्रतिभागी निर्धारित योगासनों के माध्यम से अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
22 नवंबर को ड्राइंग प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण
रांची योग कल्चर की अध्यक्ष शेफाली चक्रवर्ती ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 22 नवंबर को सुबह 9 बजे ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं दोपहर 2 बजे टाइटल राउंड और पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा योग के क्षेत्र में विशेष उपलब्धियों के लिए योग ज्योति, योगानंद, योग सौंदर्य और योग शक्ति पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।



