रांची में खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट शुरू, सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की महिला खिलाड़ी ले रहीं हिस्सा; 24 नवंबर को होगा समापन
रांची: झारखंड में महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। रांची के होटवार स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित उद्घाटन समारोह में रांची के विधायक सीपी सिंह और राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 600 खिलाड़ी, टीम पदाधिकारी और तकनीकी पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की महिला खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 24 नवंबर 2026 को होगा।
महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मिल रहा मंच : महुआ माजी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने कहा कि झारखंड की धरती खेल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से राज्य को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरी तैयारी, लगन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें।
उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य एवं देश का नाम रोशन करेंगी। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों को भी धन्यवाद दिया और कहा कि बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में परिवार का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
मेहनत और समर्पण से मिलती है सफलता : सीपी सिंह
मुख्य अतिथि विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा है कि देश के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाएं। प्रधानमंत्री स्वयं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हैं। इसी सोच के साथ देश में खेलों को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’ को जीवन में अपनाना चाहिए। सफलता भाग्य से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है।
बैंड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी की छात्राओं ने शानदार बैंड प्रस्तुति दी। वहीं लोक कल्याण केंद्र की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वुशु खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से समारोह में खेल भावना और उत्साह का माहौल बनाया।
कार्यक्रम में डॉ. अभय सिंह, प्रिंसिपल आर्मी पब्लिक स्कूल, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, प्रियदर्शी अमर, डॉ. रामशंकर सिंह, मिथिलेश साहू, संजय साहू, शैलेन्द्र दुबे, रत्नेश कुमार, गोपाल शर्मा, संजय जैन, दीपक गोप, उमा रानी पालित और पुष्पा शास्त्री सहित कई गणमान्य अतिथि एवं खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अमरेन्द्र दत्त द्विवेदी ने किया, जबकि स्वागत संबोधन शिवेंद्र दुबे ने प्रस्तुत किया।
पहले दिन सांदा वर्ग के मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन सांदा (Sanda) वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। आने वाले दिनों में विभिन्न आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। 24 नवंबर को समापन समारोह के साथ इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन होगा।



