पहले ही प्रयास में SSB परीक्षा पास कर बनीं सब-लेफ्टिनेंट, नवल एयर ऑपरेशन ऑफिसर के रूप में होगा चयन; केरल की एझिमाला नौसेना अकादमी में लेंगी प्रशिक्षण
रामगढ़। झारखंड की बेटी सपना शर्मा ने भारतीय नौसेना में अधिकारी बनकर परिवार और राज्य का गौरव बढ़ाया है। शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत उनका चयन सब-लेफ्टिनेंट (नवल एयर ऑपरेशन ऑफिसर) के पद पर हुआ है। उन्होंने सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (SSB) की चुनौतीपूर्ण चयन प्रक्रिया पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पार की है। खास बात यह है कि सपना भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने वाली अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं।
सपना जल्द ही केरल स्थित एझिमाला नौसेना अकादमी में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से रामगढ़ के आदर्शनगर (बिजुलिया) कॉलोनी में खुशी का माहौल है। परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर उनकी सफलता का जश्न मनाया।
दादा सेना में रहे, पिता वायुसेना में विंग कमांडर
सपना के परिवार की सैन्य सेवा की परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। उनके पिता विंग कमांडर संजीव शर्मा वर्तमान में सैनिक स्कूल तिलैया के उपप्राचार्य हैं। वहीं, उनके दादा रवीन्द्र शर्मा वर्ष 1993 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। सपना ने अपनी सफलता का श्रेय दादा-दादी के आशीर्वाद और माता-पिता से मिले संस्कार, प्रेरणा तथा राष्ट्रसेवा के भाव को दिया है।
पहले ही प्रयास में पार की SSB की चुनौती
भारतीय नौसेना में अधिकारी बनने के लिए सपना ने SSB की कठिन चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की। अब वह एझिमाला नौसेना अकादमी में प्रशिक्षण लेकर नौसेना में अपनी जिम्मेदारी संभालने की तैयारी करेंगी।
पोती की सफलता पर दादा हुए भावुक
सपना की उपलब्धि पर उनके दादा रवीन्द्र शर्मा भावुक और गौरवान्वित नजर आए। उन्होंने कहा कि सपना ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। उन्हें विश्वास है कि उनका परिवार और गांव भविष्य में भी देश की सेना को युवा नेतृत्वकर्ता देता रहेगा।
सपना की यह सफलता न केवल परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाने वाली उपलब्धि है, बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो देशसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाना चाहते हैं।


