रियो डी जेनेरियो में 3 से 7 दिसंबर तक होगी प्रतियोगिता, भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने सोनीपत रवाना हुए पहलवान
रांची। झारखंड के उभरते पहलवान और जेएसएसपीएस (JSSPS) के खिलाड़ी अनूप कुमार अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 3 से 7 दिसंबर तक आयोजित होने वाली स्कूल वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए उनका चयन भारतीय स्कूली कुश्ती टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इसी सिलसिले में अनूप कुमार रांची से सोनीपत, हरियाणा के लिए रवाना हो गए हैं।
सोनीपत में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में देशभर से चयनित पहलवान हिस्सा लेंगे। यहां खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती तकनीक, फिटनेस और मुकाबले की रणनीति का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर पूरा होने के बाद भारतीय टीम ब्राजील के लिए रवाना होगी।
देश और राज्य के लिए पदक जीतना लक्ष्य
सोनीपत रवाना होने से पहले अनूप कुमार ने कहा कि झारखंड और भारत के लिए पदक जीतना उनका लक्ष्य है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अपने प्रशिक्षकों, माता-पिता और झारखंड राज्य कुश्ती संघ के प्रति आभार जताया।
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं
अनूप कुमार के भारतीय स्कूली कुश्ती प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पर झारखंड कुश्ती जगत और खेल विभाग ने खुशी जताई है। झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), खेल निदेशक छवि रंजन, झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शशि रंजन, मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, JSSPS के सीईओ एनके झा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीर सेन सोरेन और राजीव रंजन सहित विभिन्न जिलों के कुश्ती संघों के अध्यक्षों एवं सचिवों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के सचिव रजनीश कुमार ने उम्मीद जताई कि अनूप कुमार ब्राजील में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और देश तथा झारखंड का नाम रोशन करेंगे।


