रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने सोमवार को शिक्षा, प्रशासन और पर्यावरण से जुड़े तीन अहम मामलों में महत्वपूर्ण आदेश सुनाए। अदालत ने एक विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर को पीएचडी के आधार पर एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ बहाल करने और 12 सप्ताह के भीतर बकाया एरियर का भुगतान करने का निर्देश दिया। वहीं, धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (डीआईटी) में निर्धारित सीटों से अधिक नामांकन के मामले में सीबीआई जांच पर लगी रोक को बरकरार रखा। इसके अलावा, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति के लिए राज्य सरकार को छह सप्ताह की समय-सीमा दी है।
पीएचडी इंक्रीमेंट बहाल, 12 सप्ताह में एरियर भुगतान का निर्देश
जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने विश्वविद्यालय के एक एसोसिएट प्रोफेसर को राहत देते हुए पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ बहाल करने का आदेश दिया। अदालत ने उनका बेसिक पे 14,940 रुपये निर्धारित करते हुए बकाया एरियर का भुगतान 12 सप्ताह के भीतर करने को कहा है।
याचिकाकर्ता ने सरकार और विश्वविद्यालय के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसके तहत उनका इंक्रीमेंट समाप्त कर बेसिक पे 12,000 रुपये निर्धारित कर दिया गया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें राहत प्रदान की।
डीआईटी में 138 नामांकन के मामले में सीबीआई जांच पर रोक बरकरार
धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (डीआईटी) में निर्धारित 60 सीटों के मुकाबले 138 विद्यार्थियों के नामांकन से जुड़े मामले में चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार की अपील निष्पादित कर दी।
खंडपीठ ने एकल पीठ के 13 जनवरी के उस आदेश पर लगी रोक को बरकरार रखा, जिसमें मामले की सीबीआई जांच का निर्देश दिया गया था। सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता रोहित राय और अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद ने अदालत को बताया कि डीआईटी ने एकल पीठ के समक्ष दायर अपनी रिट याचिका वापस ले ली है। इसके बाद राज्य सरकार की अपील का आधार समाप्त हो गया।
प्रदूषण बोर्ड में छह सप्ताह में स्थायी नियुक्ति का आदेश
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में वर्ष 2021 से स्थायी मेंबर सेक्रेटरी का पद खाली रहने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई। चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अदालत ने सरकार को अगले वर्ष 12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं होने पर 21 जनवरी को वन विभाग के सचिव को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।



