नई दिल्ली: अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है। अब अग्निवीरों का सेवा कार्यकाल 4 साल से बढ़ाकर 6 साल किए जाने का ऐलान किया गया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। नई व्यवस्था के तहत सेवा जारी रखने के इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।
मौजूदा व्यवस्था के तहत प्रत्येक बैच के 25 प्रतिशत अग्निवीरों को उनके प्रदर्शन और चयन प्रक्रिया के आधार पर स्थायी सेवा में शामिल किया जाता है, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को चार साल बाद सेवा से बाहर होना पड़ता है। नई व्यवस्था में भी 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित करने का प्रावधान पहले की तरह जारी रहेगा।
वहीं, बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर देने की बात कही गई है। इस तरह वे कुल छह साल तक सेना में सेवा दे सकेंगे। इसके लिए उनकी सहमति और निर्धारित चयन प्रक्रिया जरूरी होगी। नई व्यवस्था के तहत उन्हें पहले की तुलना में बेहतर वेतन और भत्ते मिलने की भी जानकारी दी गई है।
देश की तीनों सेनाओं में 3.18 लाख अग्निवीर दे रहे सेवा
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में फिलहाल करीब 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं। कार्यकाल बढ़ाने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब पहले बैच के हजारों अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था।
इस फैसले से उन अग्निवीरों को अतिरिक्त समय तक सेवा करने का अवसर मिल सकता है, जिन्हें पहले चार साल बाद सेवा से बाहर होना था।
दिसंबर तक 18,300 अग्निवीरों का कार्यकाल होना था पूरा
आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर तक पहले बैच के करीब 18,300 अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला था। ये पहले बैच में भर्ती हुए कुल 24,400 अग्निवीरों का लगभग 75 प्रतिशत हैं।
पहले की योजना के मुताबिक, नवंबर के मध्य से इन अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवा से बाहर किया जाना था। हालांकि, नई व्यवस्था लागू होने पर उन्हें दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर मिल सकता है। यह विस्तार अग्निवीरों की सहमति पर आधारित होगा।
वायुसेना ने 712 अग्निवीरों को नियमित सेवा में रखा
इससे पहले भारतीय वायुसेना ने अपने पहले अग्निवीर वायु बैच के 2,850 रिक्रूट्स में से 712 को नियमित सेवा में बनाए रखने का फैसला किया था। यह फैसला अग्निपथ योजना के तहत पहले बैच के चयन और नियमितीकरण की प्रक्रिया का हिस्सा था।
अग्निवीर योजना में क्या बदलेगा?
नई व्यवस्था के मुताबिक, अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल में दो साल की बढ़ोतरी की बात कही गई है। पहले चार साल की सेवा के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को स्थायी सेवा में शामिल किया जाता था। अब भी यह प्रावधान बरकरार रहेगा।
बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अतिरिक्त दो साल सेवा का मौका मिलने की बात कही गई है। इससे उन्हें सैन्य सेवा का अधिक अनुभव हासिल करने और आगे के करियर के लिए बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
DRDO ने प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया
रक्षा क्षेत्र में एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने ओडिशा के चांदीपुर से प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल की खासियत है कि एक ही लॉन्चर से लगातार दो मिसाइलें दागी जा सकती हैं।
प्रलय मिसाइल की मारक क्षमता करीब 500 किलोमीटर बताई गई है। यह दुश्मन के अलग-अलग सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम है। इसे क्वासी-बैलेस्टिक मिसाइल की श्रेणी में रखा जाता है, क्योंकि यह उड़ान के दौरान अपना रास्ता बदल सकती है। इसकी यह क्षमता दुश्मन की रक्षा प्रणालियों के लिए चुनौती पैदा कर सकती है।




