रांची, 20 अगस्त 2026। आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) रांची में ईस्टर्न कमांड इंटर-एपीएस कमांड लेवल वॉलीबॉल (बालिका) टूर्नामेंट 2026 का गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 अगस्त को किया जा रहा है। इसमें ईस्टर्न कमांड के विभिन्न क्लस्टरों की पांच टीमों ने हिस्सा लिया है।
प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी, नारंगी, टेंगा वैली, कलिंपोंग और रांची की बालिका टीम शामिल हैं। टूर्नामेंट में कुल 50 खिलाड़ी और आठ एस्कॉर्ट शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।

संगीता मान ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता मान, चेयरपर्सन (FWO Cockerel Division) मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और स्वागत गीत से हुई।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
बेंगदुबी ने टेंगा वैली को 2-1 से हराया
पहले मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी ने आर्मी पब्लिक स्कूल टेंगा वैली को 2-1 से पराजित किया। मैच का स्कोर 25-16, 20-25 और 15-09 रहा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा और खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
नारंगी ने कलिंपोंग को सीधे सेटों में हराया
सेमीफाइनल-1 में आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी ने आर्मी पब्लिक स्कूल कलिंपोंग को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। नारंगी ने पहला सेट 25-12 और दूसरा सेट 25-16 से जीता।
रांची ने बेंगदुबी को 2-0 से हराकर फाइनल में बनाई जगह
सेमीफाइनल-2 में आर्मी पब्लिक स्कूल रांची और बेंगदुबी के बीच मुकाबला हुआ। रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेंगदुबी को 2-0 से हराया। रांची ने पहला सेट 25-11 और दूसरा सेट 25-10 से अपने नाम किया।
इस जीत के साथ APS रांची ने फाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला APS नारंगी से होगा।
21 अगस्त को होगा फाइनल
पहले दिन के मुकाबलों के बाद आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी और आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने फाइनल में जगह बना ली है। दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 21 अगस्त 2026 को खेला जाएगा। इसी मुकाबले के बाद ईस्टर्न कमांड की सर्वश्रेष्ठ बालिका वॉलीबॉल टीम का फैसला होगा।
खेलों को शिक्षा जितना ही महत्व देता है विद्यालय
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभय कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और एस्कॉर्ट शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है।
उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और प्रदर्शन की सराहना करते हुए फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।



