झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय साइकिलिंग टीम में चयन हुआ है। वह जापान के नागोया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
Asian Games 2026: झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का भारतीय टीम में चयन
रांची, 7 सितंबर। झारखंड की प्रतिभाशाली साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय साइकिलिंग टीम में हुआ है। सरिता कुमारी अब जापान के नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके भारतीय टीम में चयन से झारखंड के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है।
19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा एशियन गेम्स
20वें एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया शहर में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय दल का हिस्सा बनने वाली सरिता कुमारी झारखंड के लिए गौरव का विषय हैं।
उनके चयन से राज्य के साइकिलिंग खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। यह उपलब्धि झारखंड में साइकिलिंग के बढ़ते स्तर और यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिल रही पहचान को दर्शाती है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया शानदार प्रदर्शन
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने कहा कि सरिता कुमारी ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा साबित की है।
उन्होंने कहा कि सरिता की निरंतर मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन का परिणाम है कि उन्हें एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
झारखंड के खेल जगत में खुशी
सरिता कुमारी के भारतीय टीम में चयन पर झारखंड के खेल पदाधिकारियों और साइकिलिंग संघ से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि वह एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
सरिता के चयन पर खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह समेत संघ के अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी।
इसके अलावा अम्लान कुसुम सिन्हा, सुरजीत कुमार, शि.र्डी सिंह, पुष्पा हसन, जितेंद्र महतो, दिलीप गुप्ता, शशिकांत पांडे, दीपक हेंब्रम, रितेश झा, नरेश कुमार, ओम प्रकाश गुप्ता, चंद्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता, प्रोन्नति रानी सिंह, सतविंदर कौर, तस्लीम खान और अनिता सहित अन्य लोगों ने भी सरिता को शुभकामनाएं दीं।
जेएसएसपीएस प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट और प्रथम शर्मा ने भी सरिता कुमारी के उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि सरिता कुमारी के चयन से राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।



